श्री अग्रसेन गौधाम में 17 नवंबर को धूमधाम से मनेगी गोपाष्टमी, गौ पूजन के बाद होगा भव्य भंडारा
कोरबा। गोवंश के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का संदेश देने वाला पावन पर्व गोपाष्टमी 17 नवंबर, मंगलवार को ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम में भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गौधाम में अग्रवाल सभा कोरबा एवं श्री अग्रसेन गौधाम के संयुक्त तत्वावधान में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विधि-विधान से गौ पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
सुबह गौ पूजन, दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारा
आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी। सुबह 8 से 10 बजे तक गौ माता का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 से 1 बजे तक मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, दोपहर 1:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरण प्रारंभ होगा।
बच्चों को भी गौ सेवा से जोड़ने की विशेष पहल
आयोजकों ने इस आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नई पीढ़ी को गौ सेवा और जीवों के प्रति करुणा का संस्कार देने की पहल की है। इसके लिए अभिभावकों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को भी साथ लेकर आएं और उन्हें अपने हाथों से गौ माता को चारा खिलाने का अवसर दें, ताकि बच्चों में गौ सेवा, जीव दया और संवेदनशीलता की भावना विकसित हो सके।
अग्रवाल सभा कोरबा ने समस्त गौभक्तों एवं नगरवासियों से सपरिवार इस पावन आयोजन में शामिल होने, गौ माता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करने तथा भंडारा प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गोपाष्टमी महापर्व को सफल बनाने का आग्रह किया है।
