कोरबा में खाद्य सुरक्षा पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल हेरिटेज इन का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश
रसोई में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में मिले कॉकरोच, फूडियो रेस्टोरेंट को 7 दिन में सफाई सुधारने का नोटिस
कोरबा(CG News)। त्योहारों के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन की रसोई में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच के दौरान यहां एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने पर विभाग ने कड़ी नाराजगी जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है। टीम ने होटल से बिरयानी राइस का नमूना भी लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
खाद्य विभाग की कार्रवाई के दायरे में अन्य प्रतिष्ठान भी आए हैं। बालको भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर में सरसों तेल की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद उसका नमूना लिया गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट से ही तेल की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
इसी तरह टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। रसोई में गंदगी और स्वच्छता संबंधी लापरवाही सामने आने पर संचालक को सात दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य अधिकारी विकास भगत के मुताबिक, विभाग की टीम लगातार होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण कर रही है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि कोरबा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर पहले भी कई गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। रिसदी रजगामार चौक स्थित एक होटल से 75 किलो खराब मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई थी। वहीं कटघोरा के मुरली होटल के सांभर में कीड़ा और दर्री के एक होटल के सांभर वड़ा में फफूंद मिलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर के खानपान कारोबार की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग को केवल बड़े होटलों तक सीमित न रहकर छोटे रेस्टोरेंट, ढाबों और सड़क किनारे संचालित फूड स्टॉल की भी नियमित जांच करनी चाहिए।
(CG News)लोगों का मानना है कि खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी मिलने पर केवल नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं है। दोषी संचालकों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो। आखिरकार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता सीधे आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है। जरूरी है कि खाद्य सुरक्षा जांच अभियान केवल त्योहारों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे साल नियमित रूप से जारी रखा जाए।
