नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का बड़ा खुलासा: जाति-धर्म के आधार पर 5 से 10 लाख में होता था सौदा, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से बदल देते थे माता-पिता की पहचान
रायपुर में सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, लैब टेक्नीशियन समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार; 10 शहरों तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में लैब टेक्नीशियन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को मदद और मुफ्त इलाज का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद जन्म लेने वाले बच्चों को उनकी जाति और धर्म की जानकारी देकर 5 से 10 लाख रुपए तक में बेचने की तैयारी की जाती थी।
इस गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। बच्चे को खरीदने वाले दंपती को असली माता-पिता साबित करने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाए जाते थे, ताकि सरकारी रिकॉर्ड में भी बच्चे की पहचान खरीदार परिवार के सदस्य के रूप में दर्ज हो सके। बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर लिया है। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक 21 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद हुआ। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में इस नेटवर्क के तार रायपुर से बाहर भी जुड़े होने के संकेत मिले हैं। ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक इसकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। आरोप है कि नवजात बच्चों को सड़क मार्ग, ट्रेन और हवाई जहाज के जरिए अलग-अलग शहरों में पहुंचाया जाता था। पुलिस को शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे संबंधित जानकारियां भी मिली हैं। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ऐसे सामने आया बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला
पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली 21 वर्षीय गर्भवती महिला को अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और सुरक्षित प्रसव कराने का भरोसा दिलाया गया था। इसी बहाने उसे रायपुर बुलाया गया। बताया जा रहा है कि गुढ़ियारी के एकतानगर स्थित श्री साईं अस्पताल में महिला का प्रसव कराया गया। इसके बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अलग-अलग स्थानों पर रखने की व्यवस्था की गई।
इसी दौरान नवजात का भिलाई के एक दंपती से करीब 8 लाख रुपए में सौदा तय किए जाने की बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इस रकम में से कृतिका साहू को 5 लाख और अहिल्या नामदेव को 3 लाख रुपए मिलने थे। हालांकि, महिला को आरोपियों की बातचीत से बच्चे को बेचने की योजना की भनक लग गई। मौका मिलते ही 17 नवंबर को वह घर से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लैब टेक्नीशियन कृतिका साहू समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके और संभावित नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए हैं।
मुफ्त इलाज और देखभाल का झांसा बनता था हथियार
जांच में पता चला है कि गिरोह का निशाना मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाएं होती थीं। उन्हें मुफ्त इलाज, अस्पताल में प्रसव और जन्म के बाद बच्चे की अच्छी देखभाल का भरोसा दिलाया जाता था। जरूरतमंद परिवार इन प्रस्तावों पर भरोसा कर लेते थे और इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिलाओं को अपने नियंत्रण में ले लेती थीं।
बच्चे के जन्म के बाद उसे मां से अलग रखने और संभावित खरीदारों तक पहुंचाने की योजना बनाई जाती थी। इसके बाद बच्चे की जाति, धर्म, जन्म की तारीख और वजन जैसी जानकारियां बताकर सौदेबाजी की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस काम में कई अन्य बिचौलिये और संपर्क सूत्र भी सक्रिय हो सकते हैं।
8 लाख रुपए में तय हुआ था सौदा, कमीशन के बंटवारे की तैयारी
सुंदरगढ़ की महिला के नवजात बच्चे को भिलाई के एक दंपती को सौंपने के लिए करीब 8 लाख रुपए में बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच के अनुसार, इस रकम में से 5 लाख रुपए कृतिका साहू और 3 लाख रुपए अहिल्या नामदेव को मिलने थे।
बताया गया है कि बच्चा कमजोर होने के कारण सौदे को अंतिम रूप देने में देरी हो रही थी। इसी बीच महिला को पूरी साजिश का पता चल गया और उसने पुलिस से संपर्क कर लिया। समय रहते शिकायत होने से नवजात को बेचे जाने की कोशिश नाकाम हो गई। अब पुलिस लेनदेन, कमीशन और इस सौदे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
नवजात की देखभाल के नाम पर रोजाना दिए जाते थे 500 रुपए
पुलिस की पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि नवजात बच्चों को कुछ समय तक अपने पास रखने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रतिदिन 500 रुपए दिए जाते थे। सुंदरगढ़ की महिला और उसके बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर पर रखा गया था। आरोप है कि वहां बच्चे की देखभाल के लिए कृतिका साहू रोजाना 500 रुपए देती थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चों को रखने के लिए किन-किन लोगों की मदद ली जाती थी और इस व्यवस्था में कितने लोग शामिल थे।
तीन निजी अस्पतालों में प्रसव कराने के मिले संकेत
इस मामले में निजी अस्पतालों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि कृतिका साहू तीन निजी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराती थी। आरोप है कि अस्पतालों के रजिस्टर और मेडिकल दस्तावेजों में वास्तविक मां की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जो नवजात को अपने परिवार में शामिल करना चाहती थी।
इस प्रक्रिया से जन्म प्रमाण पत्र बनवाना आसान हो जाता था और दस्तावेजों में बच्चे के वास्तविक माता-पिता की पहचान छिपाई जा सकती थी। इसके बदले अस्पताल को करीब 10 हजार रुपए और प्रसव से संबंधित अन्य खर्च अलग से दिए जाने की बात सामने आई है।
सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकतानगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया था। पुलिस ने इस अस्पताल की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। दो अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अस्पतालों और संबंधित चिकित्सकों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने के मामले में निगम रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
बच्चों की पहचान बदलने के लिए जन्म पंजीयन प्रक्रिया का कथित दुरुपयोग किए जाने की बात भी सामने आई है। DCP राबिनसन गुड़िया के अनुसार, कुछ अस्पतालों की ओर से नगर निगम को फर्जी जन्म पंजीयन से संबंधित दस्तावेज भेजे जाने की आशंका है। इन्हीं रिकॉर्ड के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे।
पुलिस का कहना है कि अस्पतालों से भेजे जाने वाले डिस्चार्ज सर्टिफिकेट और मेडिकल दस्तावेजों का पर्याप्त सत्यापन नहीं होने की बात जांच में सामने आई है। इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन, दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों और नगर निगम की पंजीयन प्रक्रिया की पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर संबंधित संस्थानों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की जा सकती है।
वॉट्सऐप ग्रुप में साझा होती थी बच्चों की तस्वीरें और जानकारियां
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से वॉट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। पूछताछ के दौरान सामने आया कि संभावित खरीदारों तक नवजात बच्चों की तस्वीरें और उनकी व्यक्तिगत जानकारियां पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप का इस्तेमाल किया जाता था।
इन ग्रुपों में बच्चे की शक्ल, जाति, धर्म, जन्म की तारीख और वजन जैसी जानकारियां साझा की जाती थीं। इसके बाद इच्छुक खरीदारों से संपर्क कर कीमत को लेकर बातचीत होती थी। पुलिस अब मोबाइल फोन से मिली चैट, तस्वीरों, संपर्क नंबरों और लेनदेन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है।
10 शहरों तक फैले नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। शुरुआती जांच में रायपुर के अलावा ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक संपर्क होने के संकेत मिले हैं। बच्चों को अलग-अलग माध्यमों से दूसरे शहरों में पहुंचाए जाने की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस गिरोह ने अब तक कितने नवजात बच्चों को बेचा, कितने परिवार इस नेटवर्क से जुड़े हैं और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही है। मोबाइल से मिले डेटा और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
