जांजगीर में दिनदहाड़े 10 लाख की सनसनीखेज लूट, छत के रास्ते घर में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला को पीटा, जेवर और नकदी लेकर फरार
अमरैया पारा में घर में अकेली महिला को बनाया निशाना, अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये लूटे; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरैया पारा वार्ड क्रमांक 23 में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अकेली महिला के साथ मारपीट की और करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात सहित 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाश
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर में महिला अकेली थी। उसके पति स्कूल गए हुए थे, जबकि सास-ससुर किसी काम से बिलासपुर गए थे। इसी दौरान महिला को छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर पहुंची तो गमछे से चेहरा ढके दो अज्ञात युवक दिखाई दिए।
आरोप है कि दोनों बदमाशों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर कमरे के अंदर पहुंचाया और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला ने चाबी नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने घर में तलाशी ली और किसी तरह अलमारी की चाबी हासिल कर ली।
अलमारी खुलते ही आरोपियों ने उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और 8 हजार रुपये नकद समेट लिए। बताया जा रहा है कि लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही और पहचान से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पीड़िता द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट और लाखों रुपये की लूट की इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।
