निगम आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर से बनाया नियुक्ति पत्र, नौकरी के नाम पर 1.95 लाख की ठगी का आरोप
संविदा नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से वसूली गई रकम, कथित फर्जी सील और हस्ताक्षर वाले दस्तावेज से खुलासा; पीड़ितों ने पुलिस और एसपी कार्यालय में की शिकायत
कोरबा(CG News)। नगर पालिक निगम कोरबा में संविदा नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 1 लाख 95 हजार 500 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी का झांसा देने वाले श्रीकांत राजपूत ने निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के कथित फर्जी हस्ताक्षर और नगर निगम की नकली सील लगाकर नियुक्ति पत्र तैयार किया और उसे पीड़ितों को दिखाया। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ितों ने सीएसईबी पुलिस चौकी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार पुरानी बस्ती निवासी श्रीकांत राजपूत पिता धर्मेन्द्र सिंह राजपूत ने खुद को बिलासपुर हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताते हुए नगर निगम में संविदा पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इस झांसे में आकर पंप हाउस निवासी निर्मला विश्वकर्मा, रूमगड़ा निवासी करण और उसकी बहन ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 95 हजार 500 रुपये दे दिए।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने फोन के माध्यम से और नकद राशि लेकर पैसे वसूले। कई महीनों तक नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग तारीखें दी जाती रहीं। जब पीड़ितों ने नियुक्ति को लेकर लगातार दबाव बनाया तो आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए उन्हें नियुक्ति पत्र दिखाया।
इसके बाद दस्तावेज की सत्यता जांचने पर उसमें नगर निगम आयुक्त के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील होने की बात सामने आई। इससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पीड़ितों ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं को आशंका है कि नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने अन्य युवाओं को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। उन्होंने मामले की व्यापक जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि कथित फर्जी नियुक्ति पत्र कहां और किसने तैयार किया तथा इस पूरे प्रकरण में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
निगम आयुक्त ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम से संबंधित किसी भी कामकाज या नियुक्ति के संबंध में पूरी जानकारी और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कोई कदम उठाएं। किसी के झांसे में आने से पहले संबंधित जानकारी की पड़ताल जरूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है और किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
