कोरबा में विशेष लोक अदालत: चेक बाउंस के 59 मामलों का आपसी समझौते से हुआ निराकरण
कोरबा(CG News)। चेक बाउंस के मामलों में त्वरित न्याय और आपसी सहमति से विवादों के समाधान की पहल के तहत 21 नवंबर को कोरबा, कटघोरा और पाली के न्यायालयों में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई करते हुए कुल 59 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में किया गया।
लोक अदालत के लिए कुल 969 प्रकरणों को निराकरण हेतु चिन्हांकित किया गया था। इन मामलों की सुनवाई और पक्षकारों के बीच आपसी सहमति बनाने के लिए 13 खंडपीठों का गठन किया गया था। खंडपीठों के माध्यम से संबंधित पक्षकारों को राजीनामा के आधार पर विवाद समाप्त करने का अवसर दिया गया।
विशेष लोक अदालत में मुख्य रूप से चेक बाउंस से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की सहमति से 59 प्रकरणों का निराकरण संभव हो सका।
लोक अदालत का प्रमुख उद्देश्य चेक बाउंस जैसे मामलों में लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचाते हुए पक्षकारों को आपसी समझौते के जरिए शीघ्र राहत दिलाना तथा न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करना रहा।
