शादी का डिजिटल कार्ड बना साइबर ठगी का हथियार, 98 हजार की चपत लगाने वाला आरोपी केरल से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा(CG News)। शादी का निमंत्रण कार्ड भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खाते से 98 हजार रुपये पार करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर पुलिस ने NCRP पोर्टल से मिले सुराग के आधार पर ठगी की रकम प्राप्त करने वाले आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त करने के बाद उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल कर लिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से लिंक एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
NCRP पोर्टल से मिला सुराग, केरल में दी दबिश
साइबर पुलिस ने जांच के दौरान NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल के रूप में की। पुलिस टीम ने केरल पहुंचकर आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
खाते में मिली 21 हजार रुपये की अतिरिक्त संदिग्ध रकम
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर खर्च करने की बात स्वीकार की। जांच में उसके खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली, जिसके संबंध में NCRP पोर्टल पर गुजरात से शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर संबंधित बैंक खाते को सीज कराया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें : पुलिस
जांजगीर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी के निमंत्रण कार्ड, मोटर चालान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी फाइलें भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर रहे हैं। यहां तक कि किसी परिचित के मोबाइल से ऐसी फाइल आने पर भी बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड न करें।
पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र तथा आरक्षक प्रतीक सिंह एवं राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।
