हाथियों के डर से बदलेगी धान भंडारण व्यवस्था, लबेद में बनेगा 10 लाख क्विंटल क्षमता का केंद्र
कोरबा(CG News)। जिले में धान खरीदी के बीच हाथियों की बढ़ती सक्रियता ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोरबा और कटघोरा वनमंडल में 73 हाथियों की मौजूदगी के चलते दो दर्जन से अधिक धान उपार्जन केंद्रों पर खतरा बना हुआ है। हाथियों द्वारा धान को नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भंडारण व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कोरबा वनमंडल के ग्राम लबेद में 10 लाख क्विंटल क्षमता का विशाल संग्रहण केंद्र तैयार किया जा रहा है।
इस केंद्र में हाथी प्रभावित 24 उपार्जन केंद्रों से खरीदे गए धान का भंडारण किया जाएगा। वहीं, कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी वैकल्पिक संग्रहण केंद्र बनाने के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश जारी है। इन केंद्रों में उन उपार्जन केंद्रों का धान भी रखा जा सकेगा, जहां भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है या उठाव में देरी के कारण धान जाम होने की स्थिति बन रही है।
धान की सुरक्षा के लिए संग्रहण केंद्रों पर वनकर्मियों की तैनाती के साथ हाईमास्ट लाइट और तार फेंसिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
पिछले साल हाथियों ने मचाया था उत्पात, इस बार पहले से तैयारी
पिछले खरीफ सीजन में हाथियों ने कई धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान खाया था। इस दौरान शेड और तार फेंसिंग को भी नुकसान पहुंचा था। पुराने अनुभवों को देखते हुए इस बार प्रशासन और वन विभाग ने पहले से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पसान, केंदई, एतमानगर, कुदमुरा, करतला और बालको क्षेत्र के खरीदी केंद्रों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
वॉच टॉवर से होगी हाथियों की चौबीसों घंटे निगरानी
हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए बासिन-संडेल सहित आधा दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों में वॉच टॉवर बनाए गए हैं। यहां वनकर्मियों की ड्यूटी लगाकर दिन-रात निगरानी की जाएगी। इसके अलावा गश्ती दल और हाथी मित्रों को भी सक्रिय किया गया है, ताकि हाथियों की मौजूदगी की सूचना समय रहते संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके।
वन विभाग ने धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों को पर्याप्त रोशनी रखने, जरूरत से ज्यादा धान जमा नहीं करने और समय पर उठाव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्रामीणों और किसानों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने तथा उनकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।
दो दर्जन से ज्यादा खरीदी केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश
उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा कोरबा और कटघोरा वनमंडल के अधिकारियों को पत्र भेजकर हाथी प्रभावित धान उपार्जन केंद्रों की सूची उपलब्ध कराई गई है। इसमें श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिरो, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा, जटगा, कटघोरा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोड़ी-उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा और बेहरचुआ सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।
जिला खाद्य अधिकारी के मुताबिक हाथियों से संभावित नुकसान और भंडारण संबंधी दिक्कतों को देखते हुए ग्राम लबेद में संग्रहण केंद्र तैयार किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी इसी तरह की व्यवस्था की जाएगी।
जिले में 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य
इस खरीफ विपणन वर्ष में जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। किसानों के पंजीयन और खरीदी रकबे में बढ़ोतरी को देखते हुए इस बार 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 जनवरी तक चलेगी।
खरीदी पूरी होने के बाद धान के उठाव और मिलिंग की प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए डीओ जारी किए जाएंगे। संग्रहण केंद्रों में रखे धान के उठाव को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मिलिंग में तेजी लाने के लिए जिले में मिलर्स की संख्या बढ़ाने और उनके साथ अनुबंध की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
