कोरबा की सड़कों पर जाम का जाल, बदहाल यातायात व्यवस्था से जनता परेशान
ओवरब्रिज से ट्रांसपोर्ट नगर तक वाहनों की कतारें, स्कूलों की छुट्टी और बेतरतीब पार्किंग से बढ़ रही मुसीबत
कोरबा(CG News)। औद्योगिक नगरी कोरबा में यातायात जाम की समस्या अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। ओवरब्रिज के दोनों छोर पर लगने वाला जाम हो या ट्रांसपोर्ट नगर और सीएसईबी चौक से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव, हर जगह यातायात व्यवस्था की बदहाली साफ नजर आती है। वहीं अंडरब्रिज निर्माण कार्य के कारण पावर हाउस रोड पर बढ़े वाहनों के दबाव ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया है।
दरी रोड पर स्थित श्री अग्रसेन स्कूल की छुट्टी होते ही यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। बच्चों को लेने पहुंचने वाले अभिभावकों के वाहनों की भीड़ के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता है। पहले से व्यस्त इस मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर और सीएसईबी चौक पर कोयला एवं अन्य भारी वाहनों की आवाजाही से आम राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में जाम की समस्या के पीछे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग भी बड़ी वजह बन रहे हैं। कई दुकानदारों का सामान सड़क तक फैला रहता है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई पहले ही कम हो जाती है। हैरानी की बात यह है कि शहर में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद उसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है और वाहन सड़कों पर ही खड़े नजर आते हैं।
लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस पहल की आवश्यकता है। भारी वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित व्यवस्था, अतिक्रमण पर कार्रवाई और पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। विशेषकर स्कूलों की छुट्टी के समय प्रमुख मार्गों पर यातायात कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए।
शहरवासियों का सवाल है कि जब रोजाना जाम की समस्या सामने आ रही है, तो जिम्मेदार विभाग इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठा रहे हैं? आखिर कब कोरबा की सड़कों को जाम से मुक्ति मिलेगी और लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिल पाएगी?
