पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और सुपारी किलर को उम्रकैद, 50 हजार की दी थी सुपारी
कटघोरा / कोरबा। पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कटघोरा स्थित प्रथम अपर सत्र न्यायालय की न्यायाधीश मधु तिवारी ने दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जा नगर में हुए बहुचर्चित हत्याकांड में दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए यह फैसला सुनाया। मामले में अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी और पुलिस की सटीक विवेचना के चलते आरोपियों को सजा दिलाने में सफलता मिली।
पत्नी ने ही रची थी पति की हत्या की साजिश
अभियोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जा नगर में जगजीवन राठे अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए थे। इस संबंध में मृतक के रिश्तेदार ने दीपका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जगजीवन राठे की हत्या किसी बाहरी विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि उनकी पत्नी धनेश्वरी राठे द्वारा रची गई साजिश थी। धनेश्वरी ने पति की हत्या कराने के लिए दीपका के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। सुपारी मिलने के बाद तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन राठे की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद धनेश्वरी ने उसे 6 हजार रुपये नकद और एक सोने का हार भी दिया था।
बेटी की गवाही बनी सजा का अहम आधार
पुलिस ने पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए धनेश्वरी राठे और तुषार सोनी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा में आरोप पत्र पेश किया गया।
इस मामले में मृतक की पुत्री की गवाही बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी। उसने पुलिस विवेचना के दौरान दिए गए बयान में अपनी मां द्वारा पिता की हत्या की साजिश रचने की बात बताई। न्यायालय में भी उसने अपने बयान पर कायम रहते हुए घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट रूप से रखा। इसके अलावा अन्य गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने भी अभियोजन के पक्ष को मजबूती प्रदान की।
न्यायालय ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
मामले में अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की। प्रस्तुत गवाहों, परिस्थितिजन्य एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद न्यायालय ने दोनों आरोपियों पर लगे आरोप प्रमाणित पाए। इसके बाद न्यायाधीश मधु तिवारी ने पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी धनेश्वरी राठे और सुपारी लेकर हत्या करने वाले तुषार सोनी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
न्यायालय के इस फैसले को गंभीर अपराधों में साक्ष्यों और प्रभावी अभियोजन की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
