कोरबा में 4 दिसंबर को लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 1355 पदों पर होगी भर्ती
19 नियोजक देंगे नौकरी का अवसर, 8वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर और तकनीकी योग्यता वाले युवा कर सकेंगे आवेदन; 8 से 40 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
कोरबा(CG News)। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कोरबा में आगामी 4 दिसंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के तत्वावधान में यह मेला लाइवलीहुड कॉलेज कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में 19 नियोजक विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों की ओर से कुल 1355 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
इस रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के साथ स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, बीएससी एग्रीकल्चर, नर्सिंग, एमबीए, एएनएम और जीएनएम योग्यताधारी अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 8 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में महिला अभ्यर्थी भी भाग ले सकती हैं।
कई क्षेत्रों में मिलेगी नौकरी की संभावना
मेले में तकनीकी, औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, सुरक्षा, मार्केटिंग और प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों के पद शामिल हैं। इनमें सेफ्टी ऑफिसर, सुपरवाइजर, हेल्पर, ड्राइवर, सर्विस इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सिलाई मशीन ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव, वेल्डर, सीएनसी टर्निंग मशीन ऑपरेटर, कटर मशीन ऑपरेटर, फिटर, काउंसलर, टेलीकॉलर, एचआर एवं प्लेसमेंट मैनेजर, ऑफिस अटेंडेंट, फर्स्ट एड ट्रेनर और सिक्योरिटी गार्ड के पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा केयर टेकर, असिस्टेंट नर्स, बेबी सिटर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, एग्रीकल्चर एवं सेल्स ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट, स्टोर मैनेजर, अकाउंटेंट, वीडियो एडिटर, सर्विस सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, होटल मैनेजर, सोलर पीवी इंस्टॉलर, बीमा सखी और रिलेशनशिप मैनेजर सहित अन्य पदों के लिए भी चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन पंजीयन के बाद ही मिलेगा प्रवेश का अवसर
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इच्छुक उम्मीदवारों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से अपना पंजीयन कराना होगा। इसके बाद अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी है।
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होते समय शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाणपत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, अनुभव प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा।
रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
