गेवरा में टेबल टेनिस का रोमांच शुरू, एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
द्रोणाचार्य खेल परिसर में तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता का आगाज, खेल भावना और टीम भावना को बढ़ावा देने पर जोर
कोरबा(CG News)। एसईसीएल की अंतर क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ गेवरा क्षेत्र स्थित द्रोणाचार्य खेल परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में एसईसीएल के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंची टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें अनुशासन, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करना है।
गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार के मार्गदर्शन एवं स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) सुधा बी. शेंडे के निर्देशन में प्रतियोगिता का आगाज ध्वजारोहण के साथ किया गया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) जीएस प्रसाद ने विधिवत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें वेलकम किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए मानसिक मजबूती, अनुशासन, सामूहिक सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सीईटीआई गेवरा के प्राचार्य अरविंद अहिरवार, स्टाफ अधिकारी सुधा बी. शेंडे, वरीय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार, प्रबंधक श्रीकांत मालेपाका, वरीय अधिकारी भूषण गिललूरकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्रीय सलाहकार समिति, क्षेत्रीय कल्याण समिति और क्षेत्रीय सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ सिस्टा, ओबीसी एसोसिएशन एवं काउंसिल के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की टीमें टेबल टेनिस में अपना कौशल और खेल क्षमता प्रदर्शित करेंगी। प्रतियोगिता का समापन समारोह भी विशेष होगा, जिसमें एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
